चंदौली में तेज आंधी-तूफान का कहर, पेड़ और बिजली के पोल गिरे, कई मार्ग हुए बाधित

98

चंदौली में तेज आंधी-तूफान का कहर, पेड़ और बिजली के पोल गिरे, कई मार्ग हुए बाधित

चंदौली : जनपद में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम और तेज रफ्तार हवाओं के चलते जिले के सकलडीहा, चहनियां, धानापुर के कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे कई मार्गों पर आवागमन घंटों तक बाधित रहा। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आंधी के दौरान कई स्थानों पर बिजली के पोल और तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। बिजली विभाग की टीमें सुबह से ही मरम्मत कार्य में जुट गईं और आपूर्ति बहाल करने का प्रयास जारी है।

तेज हवाओं का असर मकानों और दुकानों पर भी देखने को मिला। कई जगहों पर टीन शेड उड़ गए, जिससे लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है, लेकिन नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

सुबह होते ही नगर निकाय, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और गिरे हुए पेड़ों को हटाकर यातायात सुचारु कराने का कार्य शुरू किया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

तेज आंधी-तूफान के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। किसान भी मौसम के इस अचानक बदलाव से चिंतित नजर आए, क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत एवं बहाली कार्य युद्धस्तर पर जारी है।