सुदूर जंगल में देर रात अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी समेत तीन ट्रैक्टर सीज, खनन माफियाओं में हड़कंप
चंदौली : जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात सुदूर जंगली इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। नौगढ़ एसडीएम विकास मित्तल के नेतृत्व में तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने चक्करघट्टा थाना क्षेत्र के जयमोहनी भुर्तीया गांव में गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अवैध खनन में लगे चालक और खननकर्ता मौके से फरार हो गए। हालांकि संयुक्त टीम ने मौके से बिना नंबर प्लेट की एक जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर बरामद कर लिए, जिनका उपयोग रात के समय अवैध मिट्टी खनन में किया जा रहा था।
प्रशासन ने बरामद सभी वाहनों को सीज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। देर रात हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
अभियान के दौरान एसडीएम विकास मित्तल के साथ क्षेत्राधिकारी (सीओ) नामेंद्र कुमार तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने पूरे इलाके में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर नजर रखी।
इस संबंध में एसडीएम नौगढ़ विकास मित्तल ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर चक्करघट्टा थाना क्षेत्र के जयमोहनी भुर्तीया गांव में अवैध खनन के विरुद्ध संयुक्त छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके से तीन ट्रैक्टर और एक जेसीबी लावारिस हालत में मिली है, जबकि वाहन चालक फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस और तहसील प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















