हाईवा से हाईवा की भीषण टक्कर, चालक केबिन में फंसा, आधे घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
चंदौली : जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित जमनिया मोड़ पर मंगलवार को दो हाईवा ट्रकों के बीच हुई भीषण टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भयावह था कि एक हाईवा का चालक उमेश यादव केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चालक के केबिन में फंसे होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल उमेश यादव को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और एनएचएआई की टीम ने मिलकर सुचारु कराया।
फिलहाल सैयदराजा थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


















