दो मासूम बेटियों संग मालगाड़ी के सामने कूदी महिला, तीनों गंभीर रूप से घायल

43

दो मासूम बेटियों संग मालगाड़ी के सामने कूदी महिला, तीनों गंभीर रूप से घायल

चंदौली : मुगलसराय थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला अपनी दो मासूम बेटियों के साथ मालगाड़ी के सामने पहुंच गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिला और दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, वंदना (33 वर्ष) पत्नी प्रमोद कुमार, निवासी डेवड़ा (चहनिया), अपनी चार वर्षीय पुत्री प्रियांशी और नौ माह की बेटी प्रांजली के साथ रतनपुर के पास मुगलसराय थाना के सामने रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। इसी दौरान बनारस से मुगलसराय की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, रामनगर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला पारिवारिक कलह या घरेलू तनाव से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के प्रयास की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।