चहनिया ब्लॉक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य तेज, बीडीओ ने कई ग्राम पंचायतों का किया निरीक्षण
चंदौली : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विकास खंड चहनिया में विशेष प्रांगण पुनरीक्षण (Special Summary Revision) अभियान गंभीरता के साथ चल रहा है। ब्लॉक क्षेत्र की 91 ग्राम पंचायतों के सभी मतदान केन्द्रों पर एसआईआर फार्म अपडेट करने का कार्य तेजी पकड़ चुका है। ग्राम सचिव, पंचायत सहायक और बीएलओ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनकी निगरानी स्वयं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राजेश नायक तथा सहायक विकास अधिकारी पंचायत (एडियोपी) राजेश सिंह कर रहे हैं।
बीडीओ ने कई गांवों का किया दौरा
रविवार को बीडीओ राजेश नायक ने नादी निधौरा, रामगढ़, नौदर, भलेहटा, बछौली, मथेला, पपौरा, सराय सहित कई ग्राम पंचायतों में बारी-बारी से पहुंचकर मतदान केन्द्रों और पंचायत भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजूद ग्राम सचिवों, पंचायत सहायकों और बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जहां फार्म भर चुके हैं, उन्हें तुरंत ऑनलाइन अपलोड किया जाए। जहां फार्म अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं, वहां कर्मचारी घर-घर जाकर प्रपत्र भरवाएं। निर्वाचन आयोग द्वारा तय लक्ष्य को तय समय सीमा के भीतर हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने फील्ड में मौजूद कर्मचारियों से कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और किसी भी प्रकार की शिथिलता या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों से पूर्ण सहयोग की अपील
बीडीओ ने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे गणना प्रपत्र सही-सही भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से छूट न जाए। उन्होंने बताया कि बीएलओ स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और फार्म भरवाकर कंप्यूटर प्रणाली में फीडिंग कर रहे हैं।
सभी ग्राम स्तरीय कर्मचारियों को जारी हुए लिखित निर्देश
विशेष पुनरीक्षण अभियान को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए ब्लॉक प्रशासन की ओर से सभी ग्राम सचिवों, पंचायत सहायकों और सफाई कर्मचारियों को लिखित निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने बुथों पर लगातार उपस्थित रहकर बीएलओ को सहयोग प्रदान करें। ब्लॉक मुख्यालय में प्राप्त फार्मों की फीडिंग का कार्य भी तेज गति से किया जा रहा है।
शत-प्रतिशत मतदाता सूची अद्यतन
बीडीओ नायक ने बताया कि विकास खंड चहनिया के सभी गांवों में टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। लक्ष्य है कि निर्धारित समय के भीतर सभी मतदान केंद्रों की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन हो जाए और कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह सके।


















