खाली प्लॉट में युवक का संदिग्ध हालत में मिला शव, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

34

खाली प्लॉट में युवक का संदिग्ध हालत में मिला शव, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के ही एक खाली प्लॉट में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव को बोरी से ढंका गया था और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान साफ दिख रहे थे। शुरुआती हालात देखकर हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका गहराई है।

जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन मकान के पास काम कर रहे एक मजदूर ने ईंटों के ढेर के बीच किसी अजीब चीज़ पर ध्यान दिया। संदेह होने पर जैसे ही वह करीब गया, उसके होश उड़ गए। वह एक युवक का शव था। मजदूर ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही सीओ पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, चौकी प्रभारी व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि प्लॉट के पास ही रात में एक शादी का कार्यक्रम था, जहां देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा रहा। संदेह जताया जा रहा है कि हत्या कहीं और कर शव को अंधेरे में यहां फेंक दिया गया। हालांकि पूरी घटना का सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

सीओ ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है।