गाजीपुर से वाराणसी पहुंचाई जानी थी गांजे की खेप, बलुआ पुलिस ने तस्कर को दबोचा

131

गाजीपुर से वाराणसी पहुंचाई जानी थी गांजे की खेप, बलुआ पुलिस ने तस्कर को दबोचा

चंदौली : जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 1 किलो 276 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में बलुआ पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान ग्राम महुअरकला से गंगा नदी जाने वाले मार्ग पर पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके झोले से 1 किलो 276 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में युवक की पहचान सूरज कुमार उर्फ भोदू (19 वर्ष) पुत्र झुन्ना राम निवासी सिंगहा थाना बलुआ के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसे यह गांजा गाजीपुर जनपद में गंगा किनारे एक अज्ञात व्यक्ति ने दिया था। उसे यह गांजा वाराणसी पहुंचाना था, जहां एक अन्य व्यक्ति उससे संपर्क कर माल प्राप्त करने वाला था। हालांकि उसने गांजा देने और लेने वाले व्यक्तियों के नाम-पते की जानकारी होने से इनकार किया। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों तथा आर्थिक लाभ के लिए चोरी और अवैध गांजा तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त रहता है।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर बलुआ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 182/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सूरज कुमार उर्फ भोदू के खिलाफ पूर्व में भी चोरी से संबंधित दो मुकदमे बलुआ थाने में दर्ज हैं। अब एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज नए मुकदमे के बाद उसके खिलाफ कुल तीन आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक यज्ञनारायण यादव, कांस्टेबल शिशिर यादव तथा रिजर्व आरक्षी ओमवीर सिंह यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है।