संचारी रोगों व दिमागी बुखार की रोकथाम को लेकर बीआरसी चकिया में हुई बैठक

377

संचारी रोगों व दिमागी बुखार की रोकथाम को लेकर बीआरसी चकिया में हुई बैठक

चंदौली : उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर आगामी 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) चकिया में बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में चिकित्सकों ने संचारी रोगों, दिमागी बुखार तथा वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।

चिकित्साधिकारी डॉ. शिव प्रकाश सिंह एवं विकास सिन्हा ने बताया कि गर्मी के मौसम में बच्चों में उल्टी, दस्त अथवा डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल ओआरएस घोल दिया जाए। यदि ओआरएस उपलब्ध न हो तो नमक और चीनी का घोल बनाकर बच्चों को पिलाने की सलाह दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने, जलजनित एवं गंदगी से फैलने वाले रोगों की रोकथाम तथा उनके दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। चिकित्सकों ने कहा कि विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई से कई संक्रामक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने शिक्षकों से छात्रों और अभिभावकों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता संदेश पहुंचाने का भी आह्वान किया।

बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल, एआरपी संदीप कुमार, शिक्षक संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता, बाबूलाल, रविंद्र कुशवाहा, प्रदीप जैसल, दिनेश मौर्य, अमित, कृष्णकांत उपाध्याय, मोनिका शर्मा, अनुपमा सिंह, नीतू सिंह, चंद्रकिरण, रजनी जायसवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।