शिवपाल यादव के बयान के विरोध में सुभासपा का प्रदर्शन, सात सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन
चंदौली : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार को जिलाध्यक्ष आनंद राजभर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिछिया धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा को सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत करीब सैकड़ो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सुबह बिछिया धरना स्थल पर एकत्र हुए और धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए समाजवादी पार्टी के विधायक एवं पूर्व मंत्री शिवपाल यादव द्वारा पिछड़े, अति पिछड़े, दलित एवं वंचित समाज के संबंध में कथित अमर्यादित एवं जातिसूचक टिप्पणी की निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा की जाने वाली जातिसूचक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों पर सख्त कार्रवाई, गरीब एवं कमजोर वर्गों के उत्पीड़न, जमीन पर अवैध कब्जों के मामलों में निष्पक्ष जांच, सोशल मीडिया पर जातीय वैमनस्य फैलाने वालों के विरुद्ध साइबर कानून के तहत कार्रवाई तथा किसी भी पीड़ित की शिकायत को राजनीतिक दबाव में दबाए बिना निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने समेत सात सूत्रीय मांगें शामिल थीं।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महिला मंच राधिका बिन्द, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर, वाराणसी मंडल अध्यक्ष जगरोपन राजभर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















