थाना बबुरी के वार्षिक निरीक्षण में एसपी सख्त, अभिलेखों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की गहन समीक्षा

207

थाना बबुरी के वार्षिक निरीक्षण में एसपी सख्त, अभिलेखों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की गहन समीक्षा

चंदौली : जनपद के थाना बबुरी में शनिवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रों की स्थिति और जनसुनवाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय में अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर व ग्राम अपराध रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने और पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया।

शस्त्रागार और मालखाने के निरीक्षण में शस्त्रों की साफ-सफाई और उनकी कार्यशीलता को परखा गया। वहीं माल-मुकदमाती के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए वर्षों से लंबित मामलों के शीघ्र विधिक निस्तारण के निर्देश थाना प्रभारी को दिए।

सीसीटीएनएस कार्यालय में ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि और साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी जांच की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि सभी प्रविष्टियां समयबद्ध और त्रुटिरहित होनी चाहिए।

पुलिस कर्मियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए बैरक, मेस और थाना परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया। उन्होंने मेस में पौष्टिक भोजन और परिसर में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से यक्ष ऐप के उपयोग की समीक्षा करते हुए बीट पुलिस अधिकारियों को नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। संदिग्ध व बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्यवाही समय से ऐप पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान जनसुनवाई व्यवस्था और क्षेत्र में अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए एसपी ने निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत गांव-गांव जाकर जागरूकता फैलाने, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर आमजन को जागरूक करने और प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी बबुरी विनोद कुमार मिश्रा समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।