एसपी आकाश पटेल का नौगढ़ थाने पर औचक निरीक्षण, खामियों पर चेतावनी, डिजिटल पुलिसिंग और अनुशासन पर जोर
चन्दौली : जनपद चन्दौली में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को थाना नौगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, मेस एवं बैरकों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर और महिला उत्पीड़न से जुड़े दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने रिकॉर्ड को अद्यतन रखने और कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मिशन शक्ति केंद्र में मिलीं खामियां
मिशन शक्ति केंद्र की समीक्षा के दौरान निर्धारित एसओपी के अनुपालन में कमियां पाए जाने पर एसपी ने प्रभारी निरीक्षक को कड़ी चेतावनी दी और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने पर विशेष जोर दिया।
‘यक्ष ऐप’ के प्रभावी उपयोग के निर्देश
डिजिटल पुलिसिंग को मजबूती देने के लिए एसपी ने ‘यक्ष ऐप’ के उपयोग की समीक्षा की। उन्होंने बीट अधिकारियों को निर्देशित किया कि संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों की जानकारी समय से ऐप पर अपडेट करें और सत्यापन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जनसुनवाई और अपराध समीक्षा भी हुई
निरीक्षण के दौरान जनसुनवाई व्यवस्था और क्षेत्र में अपराध की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित निस्तारण और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए।
बालिकाओं को मिल रहा प्रशिक्षण, एसपी ने बढ़ाया हौसला
थाना नौगढ़ में ग्राम्या संस्था के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को कंप्यूटर, सिलाई और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान एसपी ने संस्था के सदस्यों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अनुशासन और सतर्कता पर विशेष जोर
निरीक्षण के अंत में एसपी आकाश पटेल ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयबद्धता और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की नसीहत दी। साथ ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।


















