विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षामित्रों ने किया प्रदर्शन, बीएसए और डीएम को सौंपा ज्ञापन, बकाया मानदेय भुगतान समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर उठाई आवाज, समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग

134

विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षामित्रों ने किया प्रदर्शन, बीएसए और डीएम को सौंपा ज्ञापन, बकाया मानदेय भुगतान समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर उठाई आवाज, समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग

चंदौली : उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के बैनर तले सोमवार को जिलेभर के शिक्षामित्रों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया। संघ के जिलाध्यक्ष इन्द्रजीत यादव (अजित) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र एकत्र हुए और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद संघ पदाधिकारियों ने पहले जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को सौंपकर शिक्षामित्रों की समस्याओं से अवगत कराया और उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।

संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्र लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के निराकरण को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है। शिक्षामित्रों ने मांग की कि उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाए।

पांच सूत्रीय मांगों को लेकर उठाई आवाज

शिक्षामित्रों ने ज्ञापन के माध्यम से मार्च 2018 के अवशेष बकाया मानदेय का अविलंब भुगतान किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से बकाया मानदेय का भुगतान नहीं होने से संबंधित शिक्षामित्रों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा गतिमान मूल विद्यालय स्थानांतरण एवं समायोजन प्रक्रिया को पूर्ण कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। शिक्षामित्रों ने कहा कि स्थानांतरण एवं समायोजन की प्रक्रिया पूरी होने से संबंधित शिक्षामित्रों को काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें अपनी परिस्थितियों के अनुरूप कार्य करने का अवसर मिलेगा।

ज्ञापन में शिक्षामित्रों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू के निष्पादन के अंतर्गत एसबीआई में खोले गए खातों में मानदेय प्रेषित किए जाने के लिए शीघ्र आदेश जारी करने की मांग की। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय बिल को समय से जिला मुख्यालय पर उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की गई।

शिक्षामित्रों ने सबसे महत्वपूर्ण रूप से प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किए जाने की मांग रखी। उनका कहना था कि समय से मानदेय मिलने से शिक्षामित्रों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिलेगी और वे अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।

संघ पदाधिकारियों ने अधिकारियों से आग्रह किया कि पांचों बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए और समस्याओं का अविलंब समाधान कराया जाए। प्रदर्शन के दौरान शिक्षामित्रों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष सियाराम राव, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मौर्य, संगठन मंत्री धर्मेन्द्र पाण्डेय, संगठन मंत्री नर्वटेश्वर मिश्र, संयुक्त मंत्री अजित तिवारी, मीडिया प्रभारी जय प्रकाश सिंह, आशुतोष कुमार पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।