बाढ़ प्रभावित गांवों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश
चंदौली : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी है। गुरुवार को उपजिलाधिकारी सकलडीहा आकांक्षा सिंह ने चहनियां क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने तथा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने टांडा, सरौली, मोहम्मदपुर, जमालपुर, शेरपुर सरैया सहित अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा किनारे रहने वाले ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिलहाल जलस्तर अधिक नहीं बढ़ा है, लेकिन संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीणों के संपर्क में रहें और जलस्तर में होने वाले किसी भी बदलाव की तत्काल जानकारी लें। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। प्रशासन की टीमों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद, दिनेश चंद्र शुक्ला, लेखपाल प्रवीण सिंह, बृजेश मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, चंदन यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


















