इनामी बदमाश अक्षय गिरफ्तार, धानापुर पुलिस का तड़के बड़ा एक्शन, तमंचा-कारतूस बरामद
चंदौली : जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत धानापुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक शातिर एवं कुख्यात अपराधी अक्षय कुमार को धर दबोचा, जिस पर पुलिस अधीक्षक चंदौली द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से फरार चल रहा यह अपराधी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी धानापुर त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त में तैनात थी। इसी दौरान एक मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने नरौली से बड़ौरा जाने वाले नहर मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध अवस्था में एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से मुस्तैद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान अक्षय कुमार निवासी ग्राम महुजी, थाना धीना के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, अक्षय एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसका आपराधिक इतिहास काफी पुराना और गंभीर रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अभियुक्त के खिलाफ धानापुर थाने में गोवध निवारण अधिनियम, उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (गैंगस्टर एक्ट) तथा आर्म्स एक्ट के तहत कुल चार गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं, उसके खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट (NBW) और धारा 82 के तहत कुर्की की पूर्व प्रक्रिया का नोटिस भी जारी किया जा चुका था।
इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन, उप निरीक्षक अभिराज सरोज, संजय ओझा और कांस्टेबल इंद्रजीत यादव की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस टीम की सतर्कता और रणनीतिक कार्रवाई से एक इनामी बदमाश को पकड़ने में सफलता मिली, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए फरार अपराधियों और इनामी बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से उसके अन्य साथियों, गिरोह और आपराधिक नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क का पर्दाफाश होगा और कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।


















