थाना अलीनगर, स्वाट सर्विलांस की बड़ी कार्रवाई, 1028 पेटी अवैध शराब बरामद, 1.68 करोड़ की खेप संग तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : जनपद की अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया गया है। पुलिस ने 1028 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान मिली बड़ी सफलता
रविवार को पुलिस टीम गोधना चौराहा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई और NH-19 स्थित सिंधीताली पुल के पास घेराबंदी कर रामनगर वाराणसी की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। कुछ देर बाद एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर चालक ने ट्रक को कतार से हटाकर तेज गति से पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ाया और कुचलकर भागने का प्रयास किया। हालांकि सतर्कता दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने खुद को सुरक्षित रखते हुए कुछ दूरी पर ट्रक को घेरकर पकड़ लिया।
आलू व भूसी की बोरियों के नीचे छिपी थी शराब
पकड़े गए ट्रक संख्या RJ14GL7458 की तलाशी लेने पर डाले में 30 बोरी आलू और 50 बोरी चावल की भूसी लदी मिली। इन बोरियों के नीचे अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। गिनती करने पर कुल 1028 पेटी शराब बरामद हुई, जिस पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था।
कुल मिलाकर 9199.8 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। साथ ही अभियुक्त के कब्जे से ₹1200 नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए। ट्रक को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
राजस्थान निवासी तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मल्लाराम पुत्र वागाराम निवासी ग्राम रानीगांव कल्ला, थाना सदर बाड़मेर, जिला बाड़मेर (राजस्थान), उम्र लगभग 32 वर्ष के रूप में हुई।
पूछताछ में किया खुलासा
पूछताछ में उसने बताया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वहां ऊंचे दामों पर शराब बिकती है। वह और उसका वाहन स्वामी पंजाब से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार में बेचते थे, जिससे भारी मुनाफा होता था। होली पर्व नजदीक होने के कारण अधिक कमाई की नीयत से यह खेप बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस से बचने के लिए उसने ट्रक चढ़ाकर भागने की कोशिश की।
मुकदमा दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी
इस संबंध में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 139/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक अनिल कुमार यादव, अमित कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह सहित स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव एवं सर्विलांस टीम प्रभारी उप निरीक्षक आशीष मिश्रा समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















