बलिदान दिवस पर हरियाली बढ़ाने का संकल्प, लगाए गए दर्जनों पौधे

49

बलिदान दिवस पर हरियाली बढ़ाने का संकल्प, लगाए गए दर्जनों पौधे

चंदौली : भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर सोमवार को चकिया रेंज में उत्तर प्रदेश वन विभाग द्वारा विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं वन कर्मियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके बलिदान दिवस पर वृक्षारोपण करना न केवल उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का भी प्रयास है।

इस अवसर पर केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुहिम ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।

बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों के बीच वन विभाग की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में अरविन्द कुमार पाण्डेय (डायरेक्टर, कृभको), आनंद दुबे (उपवन क्षेत्राधिकारी, चकिया रेंज), जसवंत सिंह (वन दरोगा), अमित कुमार (वन दरोगा), अमित सिंह, शिव बक्स, आदित्य कुमार, अमित कुमार, आजाद कुमार, लालबहादुर एवं मुरारी मौर्या सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।