लेखपाल पर ग्रामीण से बदसलूकी का आरोप, वीडियो वायरल, कैलावर गांव के ग्रामीण ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर की शिकायत, लेखपाल ने वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश करने का लगाया आरोप
चंदौली : सकलडीहा तहसील क्षेत्र के कैलावर गांव में तैनात लेखपाल रंजना सिंह पर ग्रामीण से कथित तौर पर बदसलूकी करने का आरोप लगा है। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। मामले को लेकर कैलावर गांव निवासी सुग्रीव कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो चार दिन पहले कैलावर गाँव में सरकारी भूमि के पैमाइश के दौरान का बताया जा रहा है।
सुग्रीव कुमार का आरोप है कि लेखपाल रंजना सिंह का ग्रामीणों के प्रति व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी समस्या लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के पास पहुंचते हैं तो उनकी बात सम्मानपूर्वक सुनी जानी चाहिए। आरोप है कि चकरोड और नवीन परती की भूमि से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए कई बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद समस्या का निस्तारण नहीं हुआ।
शिकायतकर्ता के मुताबिक चकरोड और नवीन परती की भूमि पर शौचालय के साथ करकट, ईंट-पत्थर आदि रखे हुए हैं। आरोप है कि इसे हटाने के लिए एसडीएम के यहां लगातार प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। सुग्रीव कुमार ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर पहुंचे लोगों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
लेखपाल ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, मामले में लेखपाल रंजना सिंह ने ग्रामीण के आरोपों को गलत बताते हुए अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है और वीडियो के शुरुआती घटनाक्रम को सामने नहीं लाया गया। लेखपाल के अनुसार शुरुआत में आरोपी पक्ष की ओर से ही उनके साथ बदतमीजी की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर उनकी छवि और चरित्र को खराब दिखाने की साजिश की जा रही है। लेखपाल ने कहा कि पूरे घटनाक्रम को संदर्भ से अलग करके प्रस्तुत करने के बजाय मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला जांच का विषय बना हुआ है।


















