पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर डीएम ने दिखाई गंभीरता, पुलिस व राजस्व अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

123

पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर डीएम ने दिखाई गंभीरता, पुलिस व राजस्व अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

चंदौली : विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पूर्व सैनिकों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने पुलिस एवं राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।पूर्व सैनिकों ने जिलाधिकारी को बताया कि कई मामलों में शिकायत लेकर थाने पहुंचने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में भी उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की घटनाएं हुईं, लेकिन शिकायत के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल सका। पूर्व सैनिकों ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी के समक्ष आना पड़ रहा है।

समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि पूर्व सैनिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।

राजस्व संबंधी मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि पूर्व सैनिकों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। उन्होंने कहा कि उनके प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा गुणवत्तापूर्ण ढंग से उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान पूर्व सैनिक दिनेश कुमार सिंह ने भी अपनी व्यक्तिगत समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में गली को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप लगाया कि विपक्षी जबरन कब्जा करने की नीयत से उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। शिकायत लेकर थाना जाने पर भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने संबंधित थाना पुलिस को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीएम द्वारा पूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाने पर पूर्व सैनिकों ने उनका आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन के हस्तक्षेप से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।