चंदौली में 50 हजार का इनामी अंतर्राज्यीय गोतस्कर गिरफ्तार, बलुआ पुलिस व UPSTF की संयुक्त कार्रवाई

75

चंदौली में 50 हजार का इनामी अंतर्राज्यीय गोतस्कर गिरफ्तार, बलुआ पुलिस व UPSTF की संयुक्त कार्रवाई

चंदौली : जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बलुआ पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी, वांछित व उद्घोषित अंतर्राज्यीय गोतस्कर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर गोवध व पशु क्रूरता से जुड़े गंभीर मामले दर्ज थे।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के मार्गदर्शन में थाना बलुआ प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त रूप से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुकेश राम पुत्र बालू राम उर्फ बालरूप राम (उम्र करीब 28 वर्ष) निवासी मंसूरपुर थाना दुर्गावती, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर थाना बलुआ में दर्ज मुकदमा संख्या 158/24 में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने आरोपी को थाना सैयदराजा क्षेत्र स्थित “अपना फैमिली रेस्टोरेंट” के पास से 17 मार्च 2026 को दोपहर 2:40 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019 में थाना सैयदराजा में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा।

गिरफ्तारी टीम में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में थाना बलुआ प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विनय तिवारी (यूपी एसटीएफ प्रयागराज) अपनी टीम के साथ, उपनिरीक्षक अमरनाथ साहनी, उपनिरीक्षक रविकांत चौहान तथा कांस्टेबल कृष्ण कुमार यादव शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा फरार और इनामी अपराधियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा।