चकबंदी कार्यालय के खतौनी रूम में मिली भारी अव्यवस्था, तहसीलदार ने दी सख्त चेतावनी, बोले – लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

110

चकबंदी कार्यालय के खतौनी रूम में मिली भारी अव्यवस्था, तहसीलदार ने दी सख्त चेतावनी, बोले – लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

चंदौली : चकिया चकबंदी कार्यालय के रिकॉर्ड रूम (खतौनी कक्ष) में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। किसानों और आम नागरिकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद तहसीलदार देवेंद्र सिंह यादव ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया और वहां फाइलों के रख-रखाव तथा साफ-सफाई की स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खतौनी एवं चकबंदी से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेख व्यवस्थित ढंग से नहीं रखे गए हैं। फाइलों का सही क्रम (अरेंजमेंट) न होने के कारण आवश्यक दस्तावेज तलाशने में काफी समय लग रहा है, जिससे प्रतिदिन कार्यालय आने वाले किसानों और ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को अपनी खतौनी एवं अन्य अभिलेख प्राप्त करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है।

तहसीलदार देवेंद्र सिंह यादव ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि रिकॉर्ड रूम की सभी फाइलों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार क्रमबद्ध किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभिलेखों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने रिकॉर्ड रूम और कार्यालय परिसर में फैली गंदगी पर भी नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने कहा कि महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों की सुरक्षा और आमजन को समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

तहसीलदार ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली, तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख से कार्यालय में कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।