रात में जिला अस्पताल पहुंचे डीएम, मरीजों से लिया सुविधाओं का फीडबैक

16

रात में जिला अस्पताल पहुंचे डीएम, मरीजों से लिया सुविधाओं का फीडबैक

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार की रात जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। रात करीब 10:20 बजे बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचे डीएम ने ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार करा रहे मरीजों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं और व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरणों को क्रियाशील रखने और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डीएम ने अस्पताल की कैंटीन का भी जायजा लिया। उन्होंने मरीजों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही कैंटीन में उपलब्ध पैकेजिंग खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट की भी लगातार निगरानी करने को कहा।

उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी। कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत अथवा लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।