बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे सफाई-बिजली और पुख्ता सुरक्षा के निर्देश
चंदौली : रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मंदिर प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 24 घंटे सफाई, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, चिकित्सा व्यवस्था, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था सुगम होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने परिसर में अग्निशमन वाहन समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने मेले में लगाए जाने वाले झूलों की सुरक्षा जांच पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना जांच और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के किसी भी झूले का संचालन नहीं होने दिया जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, शांति एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने संबंधित क्षेत्राधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ को देखते हुए प्रभावी रूट डायवर्जन, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी पारितोष मिश्रा सहित मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने की तैयारी शुरू कर दी है।


















