धरौली दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचे सीओ सदर, मां दुर्गा की आरती में हुए शामिल, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

40

धरौली दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचे सीओ सदर, मां दुर्गा की आरती में हुए शामिल, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

चंदौली : शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और दुर्गा पूजा पंडालों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में सदर विकासखंड के ग्राम सभा धरौली स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में सीओ सदर नामेंद्र रावत ने रात्रि में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की आरती में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

निरीक्षण के दौरान सीओ सदर ने पंडाल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी सतर्कता बरतने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर सकें।

गौरतलब है कि ग्राम सभा धरौली में श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से पिछले करीब 60 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। वर्षों पुरानी इस परंपरा से गांव के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। नवरात्र के दौरान पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है और भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की आराधना की जाती है।

सीओ सदर के निरीक्षण से पूजा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति पुलिस प्रशासन की सक्रियता का संदेश मिला। इस दौरान धरौली चौकी प्रभारी रावेंद्र सिंह, दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सुजीत सिंह, उपाध्यक्ष अमित सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।