चेयरमैन पहुंचे वार्ड नंबर-7, जनता से किया सीधा संवाद, विकास कार्यों का लिया जायजा

38

चेयरमैन पहुंचे वार्ड नंबर-7, जनता से किया सीधा संवाद, विकास कार्यों का लिया जायजा

चंदौली : नगर पंचायत चकिया के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने जनसंपर्क एवं विकास कार्यों की निगरानी को लेकर चलाए जा रहे “आपका चेयरमैन आपके द्वार” अभियान के तहत मंगलवार को वार्ड संख्या-7 का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव गंभीरता से सुने तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान का भरोसा दिलाया।

भ्रमण के दौरान अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने वार्ड में निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग मार्ग, ह्यूम पाइप एवं सीसी सड़क निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप तथा समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि “आपका चेयरमैन आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य नगर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराना तथा विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का नियमित निरीक्षण करना है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और नगर के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर वार्ड सभासद उमेश चौहान, अध्यक्ष प्रतिनिधि राजू माली, भाजपा नेता शुभम मोदनवाल, संजय चौहान सहित वार्ड के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने चेयरमैन के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने और विकास कार्यों की स्वयं निगरानी करने की पहल की सराहना की।