अलीनगर पुलिस ने दो शातिर गोतस्करों को किया गिरफ्तार, कई मुकदमों में हैं वांछित
चंदौली : अलीनगर थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित दो शातिर गोतस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में भी गोतस्करी समेत कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। दोनों को रविवार तड़के रिंग रोड पचफेड़वा सर्विस लेन के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोवध के मुकदमे में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर राहुल यादव (21) निवासी तालाबेला, थाना चोलापुर, वाराणसी तथा सुन्दरम उर्फ नीरज यादव (25) निवासी बभनपुरा, थाना चौबेपुर, वाराणसी को रविवार को करीब 1:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी अलीनगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 529/2026 में वांछित थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 22 अगस्त को वे एक वाहन से गोवंश लेकर जा रहे थे। पुलिस की चेकिंग देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। इस दौरान राहुल यादव की पहनी हुई चेन गिर गई थी, जिसे दोनों आरोपी मोबाइल की रोशनी में खोज रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार राहुल यादव के खिलाफ चंदौली, वाराणसी और जौनपुर के विभिन्न थानों में गोवध, पशु क्रूरता, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, रंगदारी सहित 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सुन्दरम उर्फ नीरज यादव के खिलाफ गोवध, पशु क्रूरता, मारपीट, एससी-एसटी एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तारी में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, निरीक्षक दयाराम गौतम, उपनिरीक्षक योगेन्द्र नाथ यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। इसके अलावा स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव के नेतृत्व में स्वाट टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


















