बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
चंदौली : बाबा कीनाराम जी के 427वें जन्मोत्सव समारोह को लेकर मंगलवार की शाम रामगढ़ स्थित रामशाला में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एसडीएम सकलडीहा आकांक्षा सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। एसडीएम ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन्मोत्सव से संबंधित कोई भी कार्य अधूरा न रहे और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। एसडीएम ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सड़क, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन से जुड़ी तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
मठ परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन का कार्य भी निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया गया। संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा आयोजन स्थल पर मंच, साज-सज्जा, प्रसाद और महाप्रसाद वितरण समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा आयोजन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
बैठक में धनंजय सिंह, अरुण सिंह, मेजर अशोक सिंह, प्रभु नारायण सिंह, सूर्यनाथ सिंह, कुलदीप वर्मा, अभय यादव पीके, दिनेश सोनकर, नीलेश यादव, सुनील विश्वकर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


















