गोवंश से भरी तेज रफ्तार पिकअप ने ली किसान की जान, परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के सोनहुला ग्राम के पास शुक्रवार को तड़के गोवंश से भरे तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान मदन सिंह की मौत हो गई. हादसे की जानकारी पर पुलिस ने पीछाकर वाहन को कब्जे में ले लिया. जबकि चालक व तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले. पुलिस ने अज्ञात चालक व तस्कर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है. वही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई. वहीं, हादसे की सूचना पर परिजनों में हाहाकार मच गया.
जानकारी के अनुसार सूरतापुर के रहने वाले मदन सिंह साइकिल से प्रतिदिन बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा में स्नान करने जाते थे. प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की सुबह भी स्नान करने के लिए निकले. सोनहुला गांव के पास पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा चौबेपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप जो गोवंश से भरी हुई थी, सामने से टक्कर मार दिया. इससे मदन सिंह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गये. सुबह टहल रहे लोगों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने परिजनों को सूचना दिया. परिजन जिला अस्पताल ले गये जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे के बाद भाग रही अनियंत्रित पिकअप विद्युत खंभा व बिसुपुर के रहने वाले गौरी शंकर तिवारी के टाइल्स की दुकान से टकरा गई. जिससे पिकअप फस गयी. इससे खंभा व टाइल्स क्षतिग्रस्त हो गया. अंधेरे का लाभ उठाकर चालक व पशु तस्कर फरार हो गये.
बलुआ इंस्पेक्टर व पीआरवी के जवानों ने सोनहुला से कुछ दूरी पर पिकअप को पकड़ लिया और 6 गोवंश को मुक्त कराते हुए गाड़ी को कब्जे में ले लिया. इस संदर्भ में बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्रा का कहना है कि मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही की जा रही है. जल्द ही पशु तस्कर हिरासत में होंगे. वही दूसरी तरफ मौत की सूचना पर परिजनों में हाहाकार मच गया. इनकी पत्नी मीना की मौत 2010 में हो गयी थी. चार भाइयों में मदन सबसे बड़े थे. दोनो पुत्र प्रशांत, पुत्री बबली, डबली, भाई अशोक, मनोज, अजय और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.


















