चाय-नाश्ते के चंद मिनट पड़े भारी, दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़ ₹20 हजार, मोबाइल और बैग लेकर फरार हुए उचक्के, घटना सीसीटीवी में कैद

34

चाय-नाश्ते के चंद मिनट पड़े भारी, दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़ ₹20 हजार, मोबाइल और बैग लेकर फरार हुए उचक्के, घटना सीसीटीवी में कैद

चंदौली : जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-19 पर गुरुवार को दिनदहाड़े उचक्कों ने एक परिवार को अपना निशाना बनाते हुए कार का शीशा तोड़कर नकदी, मोबाइल और बैग लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बिहार का एक परिवार विंध्याचल धाम दर्शन के लिए जा रहा था। रास्ते में नेशनल हाईवे-19 स्थित एक रेस्टोरेंट पर चाय-नाश्ता करने के लिए रुका। परिवार के सभी सदस्य कुछ मिनटों के लिए रेस्टोरेंट के अंदर चले गए। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे शातिर उचक्कों ने कार का शीशा तोड़ दिया और उसमें रखे दो बैग, करीब 20 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

जब परिवार वापस लौटा तो कार का शीशा टूटा देख उनके होश उड़ गए। सामान गायब मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक बाइक सवार युवक भी कैमरे में नजर आया है, जिसके बदमाशों का साथी होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस घटना ने यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।