अवैध पिस्टल, कारतूस के साथ दो अभियुक्त चढ़े पुलिस के हत्थे
चंदौली : जिले में अप्रिय घटना को अंजाम देने की ताक में घुम रहे दो शातिर बदमाश शुक्रवार को सदर कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गए. दोनों अभियुक्त के पास से तीन पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ है. गिरफ्तार युवक गाजीपुर जिले के रहने वाले है. आरोपी अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली प्रभारी गगन राज सिंह मय टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे. उसी समय पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि भगवानपुर नहर पुलिया के पास में दो व्यक्ति एक काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ खड़े है. जिनमें कोई संदिग्ध वस्तु हो सकती है. सूचना के आधार पर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ भगवानपुर नहर पुलिया के पास पहुंच गए. उप निरीक्षक रावेंद्र सिंह, उप निरीक्षक अमित मिश्रा व टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की घेराबंदी करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आदित्य राय पुत्र लव जी राय निवासी असावर थाना करीमुद्दीनपुर जिला गाजीपुर तथा दुसरे व्यक्ति की पहचान राधे कृष्ण राय पुत्र बेचन राय निवासी रेवसड़ा थाना भावरकोल जिला गाजीपुर के रूप में हुई. जिनके कब्जे से तीन पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उसके कब्जे से बरामद पिस्टल खंडवा, इंदौर (मध्य प्रदेश) से 17000 रुपये प्रति पिस्टल खरीद कर लाये हैं. जिसे ऊंचे दामों में बेचने के लिए चंदौली आये थे. यहां पर ही एक व्यक्ति को पिस्टल देना था. जिसका नाम पता हमें नही मालूम है. हम लोग उसी की प्रतीक्षा कर रहे थे कि आप लोगों द्वारा पकड़ लिए गए. वही बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उप निरीक्षक रावेंद्र सिंह, उप निरीक्षक अमित मिश्रा, हेड कॉन्स्टेबल सुनील सिंह, हेड कॉन्स्टेबल राम दयाल शामिल रहे.









