गंगा पुल से कूदकर युवक ने दी जान, बीमारी से था परेशान, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र स्थित बलुआ गंगा पुल से सोमवार की शाम एक युवक ने कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र निवासी 48 वर्षीय हरिकेश कुमार आशापुर स्थित एक विधवा आश्रम में कार्यरत था। सोमवार को वह अपनी पत्नी पन्ना देवी से दवा लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम बलुआ गंगा पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी।
घटना के समय घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने प्राइवेट गोताखोर मार्कण्डेय माझी की सहायता से युवक को नदी से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसी दौरान वाराणसी से पहुंचे परिजनों व परिचितों ने शव की शिनाख्त हरिकेश कुमार के रूप में की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस बाबत थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से बीमारी से परेशान था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















