चहनियां में जल संकट गहराया, फटी पाइपलाइन से निकल रहा गंदा पानी, धीमी सप्लाई से ग्रामीण बेहाल

48

चहनियां में जल संकट गहराया, फटी पाइपलाइन से निकल रहा गंदा पानी, धीमी सप्लाई से ग्रामीण बेहाल

चंदौली : जनपद के चहनियां कस्बा सहित आसपास के गांवों में इन दिनों भीषण जल संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जलनिगम की अनियमित और बदहाल सप्लाई के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। हालत यह है कि लोगों को शुद्ध पानी तो दूर, गंदा पानी भी बेहद धीमी धार में मिल रहा है, जिससे दैनिक जरूरतें पूरी करना कठिन हो गया है।

दो महीने से व्यवस्था चरमराई

चहनियां स्थित जलनिगम की टंकी से कस्बा समेत खण्डवारी, रानेपुर, रमौली, सिंगहा, सोनहुला, जगन्नाथपुर और बंधवापर जैसे दर्जनों गांवों में पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन बीते करीब दो महीनों से यह व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

सड़क चौड़ीकरण कार्य से पाइप क्षतिग्रस्त

ग्रामीणों का आरोप है कि पीडीडीयू नगर मुख्य मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे अब तक दुरुस्त नहीं कराया गया।

भीषण गर्मी में लोग बेहाल

फटी पाइपलाइन के कारण घरों तक पहुंच रहा पानी न सिर्फ दूषित है, बल्कि उसकी धार भी इतनी पतली है कि दो बाल्टी पानी भरने में ही सप्लाई बंद हो जाती है। इस भीषण गर्मी में तीन-तीन दिन के अंतराल पर मिलने वाली यह अल्प जलापूर्ति लोगों के लिए नाकाफी साबित हो रही है। पेयजल संकट के चलते महिलाएं और बच्चे पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।

लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में लगे ठेकेदारों की लापरवाही और जलनिगम विभाग की उदासीनता के कारण आम जनता को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। पहले जहां घरों के सामने लगे हैंडपंप सहारा बने हुए थे, वहीं अब हाईवे निर्माण के चलते वे भी हट चुके हैं, जिससे संकट और गहरा गया है।

ग्रामीणों ने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और नियमित एवं स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। अन्यथा आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ेगा।