कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा, पहले दिन 2000 से अधिक अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

50

कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा, पहले दिन 2000 से अधिक अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

चंदौली : जनपद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में परीक्षा प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित कराया गया।

जनपद के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में कुल 4128 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3072 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 1056 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 4128 के सापेक्ष 3086 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1042 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।

परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग की व्यवस्था रही, जहां अभ्यर्थियों की पहचान पत्रों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। केंद्रों के अंदर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता रही। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया था कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के अनुसार, कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली है। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

जनपद प्रशासन द्वारा आगामी परीक्षा दिवसों में भी इसी प्रकार की सुदृढ़ व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई है, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण मिल सके।