चंदौली में कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, 3 कीटनाशक विक्रेताओं को नोटिस, कई अनियमितताएं उजागर

81

चंदौली में कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, 3 कीटनाशक विक्रेताओं को नोटिस, कई अनियमितताएं उजागर

चंदौली : जनपद में किसानों की सेहत और फसलों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में बड़ी लापरवाही उजागर होने पर कृषि विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। औचक निरीक्षण के दौरान तीन कीटनाशक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर विभाग ने साफ संकेत दे दिया है कि अब नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।

शासन के निर्देश और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के सख्त रुख के बाद शनिवार को कृषि विभाग की दो विशेष टीमों ने जिलेभर में ताबड़तोड़ छापेमारी की। निरीक्षण अभियान के दौरान कुल 16 प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई, जिसमें कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान मेसर्स कृष्णा फर्टिलाइजर (सकलडीहा), मेसर्स एग्रीकल्चर सेंटर (चहनियां) और मेसर्स विकास बीज भंडार (चहनियां) में नियमों की खुली अनदेखी पाई गई। इन प्रतिष्ठानों पर न तो कीटनाशकों के बिक्री व स्टॉक का रिकॉर्ड मिला और न ही एक्सपायरी उत्पादों के लिए निर्धारित कॉर्नर बनाया गया था। यह सीधे तौर पर किसानों के हितों से खिलवाड़ माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान टीमों ने 6 कीटनाशी नमूने भी संग्रहित किए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि संबंधित विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो कीटनाशी अधिनियम 1968 और कीटनाशक नियमावली 1971 के तहत लाइसेंस निलंबन से लेकर अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले के कीटनाशक बाजार में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि किसानों की सुरक्षा से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।