कर्तव्य में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, मुगलसराय प्रभारी निरीक्षक निलंबित

212

कर्तव्य में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, मुगलसराय प्रभारी निरीक्षक निलंबित

चंदौली : जनपद चंदौली में पुलिस विभाग को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने के आरोप में थाना मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वायरल वीडियो और लूट केस में ढिलाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें शराब की दुकान बंद होने के बाद भी अवैध रूप से शराब की बिक्री होते दिखाई गई। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक द्वारा समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इसी दिन देर रात थाना क्षेत्र में लूट की एक गंभीर घटना भी घटित हुई, लेकिन इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को समय पर नहीं दी गई। इतना ही नहीं, मामले के खुलासे में भी ढिलाई बरती गई, जो विभागीय नियमों के विरुद्ध पाया गया।

ड्यूटी में चूक पर बड़ा एक्शन

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही और कर्तव्यहीनता मानते हुए प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया है तथा पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।

समय पर सूचना न देना पड़ा महंगा

बताया गया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में ही सभी थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना तत्काल दी जाए और जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद निर्देशों की अनदेखी को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।

पुलिसिंग में ढिलाई पर जीरो टॉलरेंस

पुलिस अधीक्षक ने साफ संदेश दिया है कि जनपद में पुलिसिंग को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी ऐसी स्थिति में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।