पारिवारिक कलह में युवक का खौफनाक कदम, गंगा में कूदने से मचा हड़कंप, नाविक ने बचाई जान

185

पारिवारिक कलह में युवक का खौफनाक कदम, गंगा में कूदने से मचा हड़कंप, नाविक ने बचाई जान

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद एक सतर्क नाविक और गोताखोर की बहादुरी व तत्परता से युवक की जान बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, इटवा (सकलडीहा) गांव निवासी 30 वर्षीय रिंकू राजभर पुत्र स्वर्गीय रामअवतार का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि उसकी पत्नी शिवकुमारी देवी पिछले छह वर्षों से मायके में रह रही थी। सोमवार को रिंकू अपनी पत्नी से मिलने खरखोलिया गांव गया था, लेकिन वहां से लौटने के बाद वह मानसिक रूप से काफी तनाव में था।

शाम के समय वह बलुआ स्थित पुल पर पहुंचा और अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। पुल के पास मौजूद प्राइवेट गोताखोर मार्कण्डेय मल्लाह ने युवक को कूदते हुए देख लिया और बिना देर किए अपनी टीम के साथ दो नावों के जरिए नदी में खोजबीन शुरू कर दी।

काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद तत्काल बलुआ पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक विनोद सिंह ने घायल युवक को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्वस्थ घोषित कर दिया।

पुलिस ने युवक के परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में एसआई विनोद सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के कारण युवक ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं गोताखोर मार्कण्डेय मल्लाह की बहादुरी की सराहना की जा रही है।