अवैध खनन की कवरेज करने गए पत्रकार पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, ट्रॉमा सेंटर रेफर

430

अवैध खनन की कवरेज करने गए पत्रकार पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, ट्रॉमा सेंटर रेफर

चंदौली : जिले के चकिया क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अवैध खनन की सूचना पर कवरेज करने पहुंचे एक पत्रकार पर खनन माफियाओं ने सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शिकारगंज के समीप की बताई जा रही है।

कवरेज कर रहे पत्रकार को घेरकर पीटा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार को क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह मौके पर कवरेज के लिए पहुंचे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद अवैध खनन में लिप्त लोगों ने एकजुट होकर पत्रकार पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे पत्रकार के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़े।

सिर पर गंभीर चोट, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर

घटना की सूचना मिलने के बावजूद वन विभाग और पुलिस की टीम करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसके बाद वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल पत्रकार को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया।

नामजद व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, तलाश जारी

इस मामले में चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफआईआर में दो नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों को शामिल किया गया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें एनसीपी और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

इस घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने सुरक्षा की मांग को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। वही पुलिस आरोपियों की सीघ्र गिरफ्तारी करने का दावा कर रही है।

रिपोर्ट : त्रिनाथ पाण्डेय, संवाददाता चकिया चंदौली