मोहरगंज की चिरई किन्नर अचानक गायब, परिजनों में अनहोनी की आशंका, पुलिस ने शुरू की तलाश

169

मोहरगंज की चिरई किन्नर अचानक गायब, परिजनों में अनहोनी की आशंका, पुलिस ने शुरू की तलाश

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरगंज बाजार से एक किन्नर के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। 35 वर्षीय चिरई किन्नर बीते 5 मार्च की शाम से घर नहीं लौटी हैं। घटना के बाद से उनके साथियों और परिजनों में चिंता का माहौल है और किसी अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम व पोस्ट मोहरगंज की निवासी चिरई किन्नर 5 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे किसी निजी कार्य से मोहरगंज बाजार के लिए घर से निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटीं, तो उनके साथियों और परिजनों की चिंता बढ़ गई। देर रात तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

चिरई किन्नर की संरक्षक खुशबू किन्नर ने बताया कि पहले परिजनों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई। आसपास के गांवों और बाजारों में भी पता किया गया, लेकिन कहीं भी उनका कोई पता नहीं चला। काफी तलाश के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो मामले की सूचना बलुआ थाने में लिखित रूप से दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और खोजबीन तेज कर दी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर जाकर पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चिरई किन्नर की आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं परिजन और साथी लगातार उनकी सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं।

बलुआ थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सुराग मिलने की उम्मीद है।