सैयदराजा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव में चोरी की वारदात, 7 लाख के गहने और 50 हजार नकद पार, पुलिस जांच में जुटी

73

सैयदराजा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव में चोरी की वारदात, 7 लाख के गहने और 50 हजार नकद पार, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला काजीपुर गांव का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पार कर दी। वारदात के दौरान घर के लोग अंदर सोते रहे और चोर आराम से घर खंगालते रहे।

जानकारी के अनुसार, काजीपुर गांव निवासी रमेश यादव के घर में देर रात चोर पीछे की ओर से सीढ़ी लगाकर घुस आए। बताया जा रहा है कि चोरों ने सबसे पहले उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिसमें परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसके बाद चोरों ने अन्य कमरों और अलमारी को खंगालना शुरू कर दिया।

परिजनों के मुताबिक चोर घर से करीब 10 सेट सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए गहनों की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह बाहर निकलने के बाद घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।

घटना की सूचना तत्काल सैयदराजा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।