नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, गर्भवती थी तारा देवी, पुलिस जांच में जुटी

322

नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, गर्भवती थी तारा देवी, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के जुड़ा हरधन गांव में गुरुवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब 22 वर्षीय विवाहिता तारा देवी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, मृतका गर्भवती थी और उसके मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।

विवाहिता ने फांसी लगाकर जीवनलीला की समाप्त

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के सभी सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। पति बसंत कुमार अपनी बहनों को घर छोड़ने गया हुआ था, जबकि ससुर पशुओं को चारा डालने के बाद हाथ धोने बाहर गए थे। सास और अन्य परिजन भी घर के दूसरे हिस्सों में व्यस्त थे। इसी बीच दोपहर करीब तीन बजे तारा देवी ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

परिजनों ने पुलिस को दी सूचना

घटना का खुलासा तब हुआ जब बसंत के चाचा की लड़की किसी काम से घर आई। दरवाजा बंद देखकर उसने आवाज दी, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर उसने कमरे की मुक्की (झिर्री) से झांका तो तारा देवी का शव फंदे से लटकता दिखाई दिया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने किसी तरह शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का लगाया आरोप

मृतका के मायके पक्ष के अनुसार, उसकी शादी इसी वर्ष 21 मई 2025 को चंदौली कोतवाली क्षेत्र के कोडरिया गांव निवासी पुनवासी की पुत्री तारा देवी की शादी जुड़ा हरधन निवासी बिनोद राम के पुत्र बसंत कुमार से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से ही तारा देवी को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। मायके पक्ष का कहना है कि छठ पूजा के दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद वे खुद मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर मामला शांत कराए थे।

परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि तारा देवी गर्भवती थी और ससुराल पक्ष उस पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से अत्याचार कर रहा था। गुरुवार को भी किसी विवाद के बाद उसकी हत्या कर फांसी का रूप दिया गया है।

ससुराल पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि तारा देवी मानसिक रूप से अस्थिर थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उसने सिंदूर पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था और कई बार ऐसा करने की कोशिश कर चुकी थी।

मायके पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में मातम का माहौल

घटना के बाद जुड़ा हरधन गांव में मातम छा गया। नवविवाहिता और गर्भवती महिला की इस दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। वहीं, मायके पक्ष न्याय की मांग कर रहा है, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।