जिला जज, CJM, डीएम व एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, कैदियों के बारे में ली जानकारी
◆ जिला कारागार का निरीक्षण
◆ जेल में पहुँचकर बैरकों की जांच
◆ भोजन गुणवत्ता को परखा
◆ निरीक्षण के दौरान नही मिली खामियां

चंदौली : जिला जज चंदौली सुनील कुमार, CJM चंदौली दीपक कुमार मिश्र के साथ डीएम चंदौली निखिल टी. फुंडे व नवागत एसपी आदित्य लांग्हे ने बृहस्पतिवार को जिला कारागार वाराणसी का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने कारागार अधीक्षक (जेलर) से मिलकर जिलें के बंद कैदियों के बारे में जानकारी ली. अधिकारियों ने जेल में पहुँचकर बैरकों की जांच और बंद कैदियों को मिल रही सुविधाओं के बाबत पूछताछ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.

जेल प्रशासन को दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
डीएम निखिल टी. फुंडे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जेल में कोई भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है. सब कुछ सामान्य ही रहा. इस दौरान जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं. बंदियों के लिए अनुमन्य सुविधाएं मुहैया कराया जाना प्रमुख है.

बंदियों से मिलने वालों का रखा जाए रिकॉर्ड
नवागत एसपी आदित्य लांग्हे ने निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को निर्देशित किया की जेल में मोबाइल का प्रयोग किसी भी दशा में न होने पाए. इस पर विशेष तौर से नजर रखें. इसके साथ ही बन्दियों से मिलने आने वालों का भी रिकॉर्ड रखा जाए. वही अधिकारियों ने पाकशाला, लाइब्रेरी व चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं और व्यवस्था हाल को देखा.

बंदियों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना नैतिक व संवैधानिक जिम्मेदारी
इस मौके पर जिला जज सुनील कुमार चतुर्थ ने कहा कि बंदियों के भी अपने अधिकार होते हैं. ऐसे में उन्हें मूलभूत सुविधाएं व साफ-सफाई प्रदान करना हमारी नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है. वही अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता को परखा और संतोष जताया. जिला जेल के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी सहित जिला जेल के मुख्य अधिकारीगण उपस्थित रहे.


















