चहनियां में भटक रहे छुट्टा पशु, दो दिन तक सड़क पर पड़ा रहा मृत मवेशी, पशु आश्रय केंद्रों की हकीकत उजागर

58

चहनियां में भटक रहे छुट्टा पशु, दो दिन तक सड़क पर पड़ा रहा मृत मवेशी, पशु आश्रय केंद्रों की हकीकत उजागर

चंदौली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश भर में छुट्टा पशुओं की देखभाल के लिए हर ब्लॉक में पशु आश्रय केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत इससे उलट नज़र आ रही है। चहनियां ब्लॉक में छुट्टा पशु बेखौफ सड़कों और गलियों में विचरण कर रहे हैं। आलम यह है कि चहनियां कस्बे में दो दिन पूर्व एक मवेशी की मौत हो गई, जो लगातार दो दिनों तक सड़क पर ही पड़ा रहा। विभागीय अमला मौके पर नहीं पहुंचा, अंततः ग्रामीणों ने स्वयं मृत पशु को हटवाया।

चहनियां में बेअसर साबित हो रही पशु आश्रय योजना

सरकार की मंशा थी कि कोई भी पशु भूख या प्यास से न मरे और न ही आवारा पशु सड़कों पर भटके। इसके लिए जनपद के हर ब्लॉक में दो से तीन पशु आश्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और संबंधित विभागों को विशेष जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। बावजूद इसके, चहनियां क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की भरमार बनी हुई है। ये मवेशी न केवल सड़कों पर बाधा बन रहे हैं बल्कि खेतों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुँचा रहे हैं।

छुट्टा पशुओं से हादसे का खतरा, दो दिन तक सड़क पर पड़ा रहा मृत पशु

ग्रामीणों का कहना है कि पशु आश्रय केंद्रों का लाभ इन पशुओं को नहीं मिल पा रहा है। हाईवे पर छुट्टा पशुओं के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। मृत पशु को दो दिन तक सड़क पर यूं ही पड़े रहने देना, विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।

ग्रामीणों ने जताई नाराज़गी

ग्रामीणों ने इस अव्यवस्था पर नाराज़गी जताते हुए उच्चाधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में प्रभावी अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को आश्रय केंद्रों तक पहुँचाया जाए और पशु आश्रय केंद्रों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि मुख्यमंत्री की मंशा को ज़मीन पर अमल में लाया जा सके।