तीन शातिर लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे, लूट की दो मोटरसाइकिल बरामद
चंदौली : थाना सैयदराजा पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूट की दो मोटरसाइकिल बरामद हुआ है. गिरफ्तार अभियुक्त थाना सैयदराजा के काजीपुर व बगही कुंभापुर के निवासी बताए गए. पुलिस ने चेकिंग के दौरान नेशनल हाइवे के भतीजा अंडर पास के समीप से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है.
विदित हो कि 27 जनवरी 2025 को मेघनाथ सेठ पुत्र रामदास सेठ निवासी ग्राम सावठ थाना दुर्गावती जिला कैमूर भभुआ बिहार अपने रिश्तेदार सच्चितानंद वर्मा पुत्र राधेश्याम सेठ निवासी ग्राम मनिहारी थाना भभुआ बिहार के साथ अपनी मोटरसाइकिल टीवीएस अपाचे (BR45M8721) से वाराणसी से बिहार के लिए जा रहे थे. रिश्तेदार सच्चितानंद के बैग में चांदी के गहने थे. रात्रि करीब 10 बजे भतीजा मोड़ से दो किलोमीटर हाइवे पर बिहार की ओर आगे बढ़ी तो जिओ पेट्रोल पंप के सामने एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति गाड़ी को ओवरटेक कर गाड़ी को जबरदस्ती रुकवाया और चाभी निकाल लिए. मेघनाथ सेठ के रिश्तेदार सच्चितानंद से बैग व अपाची गाड़ी को छीनने लगे, लेकिन सच्चितानंद बैग लेकर पेट्रोल पंप की ओर भाग गया. वही बदमाशों ने मेघनाथ को धमकाकर उसकी अपाची मोटरसाइकिल को छीनकर भाग गए.
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
थाना सैयदराजा पर नियुक्त निरीक्षक अपराध दिलीप श्रीवास्तव व उप निरीक्षक रामप्यारे चौधरी मय हमराह चेकिंग कर रहे थे. उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि स्वर्णकार के साथ लूट की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त जो बड़ी डिलिया की तरफ से आने वाले है. मुखबिर की सूचना पर विस्वास करके पुलिस टीम द्वारा भतीजा अंडर पास के समीप चेकिंग की गई. इसी दौरान लूट की मोटरसाइकिल अपाचे पर सवार तीन व्यक्ति व एक अन्य मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए. वही सामने पुलिस टीम को देखकर अपाचे पर पीछे बैठा व्यक्ति कूदकर भाग गया. वही तीन लोगों को मौके से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. जिनके पास से लूट की मोटरसाइकिल अपाचे बरामद हुई.
आरोपी अभियुक्तों की हुई पहचान
लूट की घटना में शामिल आरोपी अभियुक्तों की पहचान कुलदीप यादव उर्फ सत्या (उम्र 20 वर्ष) पुत्र मराछु यादव निवासी ग्राम काजीपुर थाना सैयदराजा जनपद चंदौली व अमित मौर्या (उम्र 21 वर्ष) पुत्र रामसुधार मौर्या, संदीप सेठ (उम्र 26 वर्ष) पुत्र मुन्ना सेठ निवासी ग्राम बगही कुंभापुर थाना सैयदराजा जनपद चंदौली के रूप में हुई. पुलिस गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना सैयदराजा विंदेश्वर प्रसाद पाण्डेय, निरीक्षक अपराध दिलीप श्रीवास्तव, उप निरीक्षक रामप्यारे चौधरी, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन हुमायु, गौरव राय, कांस्टेबल अजय पटेल शामिल रहे.


















