एम्बुलेंस से की जा रही थी अवैध शराब की तस्करी, पुलिस ने 56 पेटी अंग्रेजी शराब की जब्त, एक शराब तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को एक एम्बुलेंस से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया है, साथ ही एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. तस्कर अवैध अंग्रेजी शराब की खेप को लेकर हरियाणा से बिहार ले जा रहा था. फिलहाल पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है.

विदित हो कि एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर पुलिस द्वारा शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस को मिली सूचना के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम संयुक्त रूप से नेशनल हाईवे-19 पर चेकिंग अभियान चला रही थी. इस दौरान एक संदिग्ध एम्बुलेंस आती हुई दिखाई दी. जिसे पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक एम्बुलेंस लेकर भागने लगा. जिसके बाद पुलिस ने काम्बिंग करते हुए एम्बुलेंस को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस द्वारा एम्बुलेंस की जांच-पड़ताल के दौरान एम्बुलेंस खाली मिली. जिसके बाद बारीकी से पड़ताल की गई तो पुलिस के होश फाख्ता हो गए. एम्बुलेंस में एम्बुलेंस अटेंडेंट के पास से अलग केबिन बनाकर अंग्रेजी शराब की खेप रखी हुई थी. जिसके बाद तस्कर को पकड़कर थाने लाया गया. वही एम्बुलेंस से अंग्रेजी शराब की 56 पेटी बरामद हुई. इसके अलावा 3 कूटरचित नम्बर प्लेट भी मिला.
इस बाबत सीओ सदर राजेश राय ने बताया कि स्वाट सर्विलांस और कोतवाली चंदौली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा से बिहार राज्य के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे 19 पर चेकिंग अभियान चलाया गया. इस अभियान के दौरान एक फोर्स कंपनी की एम्बुलेंस को रोककर चेक किया गया जिसमें विभिन्न ब्रांडो की करीब 512 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई. जो हरियाणा से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही थी. एम्बुलेंस से एक अभियुक्त ऊ गिरफ्तार किया गया है जो बिहार का निवासी है. और पूछताछ पर उसने बताया कि विभिन्न नम्बरों के नम्बर प्लेट रखे जाते है और इसको जिस प्रदेश में क्रास करते है उस प्रदेश में लगाकर तस्करी को अंजाम दिया जाता है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपए है. पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है.


















