यूपी को 5 नए मेडिकल कॉलेज की मिली सौगात, इन जिलों में 100-100 MBBS सीटों की लगी लॉटरी, जानिए
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में डॉक्टरी की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर आ रही है. प्रदेश की योगी सरकार की पहल पर प्रदेश के पांच स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों में एमबीबीएस की पढ़ाई को मंजूरी मिल गई है. इन मेडिकल कॉलेजों को 100-100 सीटें की अनुमति मिली है. वहीं दो मेडिकल कॉलेजों में 50-50 सीटों की बढ़ोतरी की गई है. गोंडा, कौशांबी, चंदौली, लखीमपुर खीरी और औरैया मेडिकल कॉलेज को 100-100 सीट पर प्रवेश के लिए मंजूरी मिली है. जबकि कानपुर देहात, ललितपुर मेडिकल कॉलेज की 50-50 सीट बढ़ाई गई है. इस तरह कुल 600 नई एमबीबीएस की सीटों का सृजन किया गया है. वहीं मौजूदा शैक्षणिक सत्र में अब तक 1872 सीटों को मंजूरी मिल चुकी है.
इसको लेकर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बताया कि सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी काम कर रही है. जिला चिकित्सालयों को मेडिकल कॉलेजों के रूप में अपग्रेड किया जा रहा है. प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज भी बनाए गए हैं. उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिन जिलों में एमबीबीएस की 100 सीटें दी गई हैं, उनमें गोंडा, कौशाम्भी, चंदौली, खीरी, औरैया शामिल हैं. वहीं, ललितपुर एवं कानपुर देहात में पूर्व में स्थापित 50 सीटों को बढ़ा कर अब 100 कर दिया गया है. यानि कुल 600 सीटें की बढ़ोतरी की गई है.
बता दें, 7 मेडिकल कॉलेज को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है. 31 जुलाई को बिजनौर, कुशीनगर, बुलंदशहर, पीलीभीत और सुल्तानपुर को 100-100 MBBS सीटों की मंजूरी मिली थी जबकि कानपुर देहात और ललितपुर को 50-50 MBBS सीट की मंजूरी मिली थी. बताया जा रहा है कि 13 स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों जैसे बुलन्दशहर, औरैया, सोनभद्र, ललितपुर, चन्दौली, सुलतानपुर, गोण्डा, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, कानपुर देहात, कौशाम्बी, बिजनौर और पीलीभीत द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 100 MBBS छात्रों के प्रवेश की एनएमसी नई दिल्ली से एलओपी के लिए आवेदन पिछले साल सितम्बर में किया गया था.


















