स्टेशन मास्टर पर हुए जानलेवा हमले की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
चंदौली : मुगलसराय क्षेत्र के जीवनाथपुर स्टेशन मास्टर पर हुए जानलेवा हमले की घटना का मुगलसराय पुलिस ने खुलासा किया है. स्टेशन मास्टर को गोली मारने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जिनके कब्जे से एक तमंचा बरामद हुआ है. वही इस घटना का मुख्य आरोपी रमेश केशरी को पुलिस ने शनिवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. घटना में शामिल अभियुक्त मिर्ज़ापुर के अदलहाट व एक मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र का निवासी है. मुगलसराय कोतवाली में इस घटना का पीडीडीयू नगर सीओ आशुतोष ने प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा किया है.

दरअसल, औद्योगिक नगर चौकी क्षेत्र के हमीदपुर के पास बुधवार की देर रात बाइक सवार तीन हमलावरों ने जीवनाथपुर में तैनात स्टेशन मास्टर वीरेंद्र कुमार वर्मा (58 वर्ष) को गोली मार दी थी. गोली कमर में लगी थी. घटना के बाद हमलावर फरार हो गए थे. पुलिस ने घायल को ट्रामा सेंटर भिजवाया. घायल स्टेशन मास्टर ने बताया कि कुछ दिन पहले अवैध वेंडर के साथ उनका विवाद हुआ था. इसके आधार पर पुलिस घटना की जांच में जुटी थी.

पुलिस की जांच में मिर्जापुर जिले के अदलहाट के नरायनपुर भितरी बाजार निवासी रमेश केशरी का नाम सामने आया. पुलिस ने सटीक लोकेशन के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया. उसे थाने लाकर पूछताछ की गई. आरोपित ने बताया कि जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास उसकी चाय-पानी की दुकान है. स्टेशन मास्टर को ट्रेनों के ठहराव के लिए कह रहे थे. ताकि यात्री ट्रेनों से उतरकर सामान आदि की खरीदारी करें और उसकी दुकान चलती रहे, लेकिन स्टेशन मास्टर ने इनकार कर दिया था. इससे धंधा चौपट हो रहा था. इसलिए स्टेशन मास्टर को गोली मारने की सुपारी दी थी. बताया कि अपने दो परिचित हनुमान मौर्या व मनीष सिंह जो आपराधिक प्रवृत्ति के है, उन्ही को पैसा देकर स्टेशन मास्टर को गोली मारने के लिए सुपारी दिया था. जिसपर वह तैयार हो गए और उन्ही ने स्टेशन मास्टर को गोली मारी थी. जिसके बाद पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही थी. जो थाना सैयदराजा के धरौली पुलिया के पास से दोनों अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्त कृष्ण कुमार पुत्र हनुमान मौर्या निवासी जीवनाथपुर संकट मोचन कालोनी थाना मुगलसराय जनपद चंदौली और दूसरा अभियुक्त मनीष सिंह पुत्र मुन्ना सिंह निवासी नरायनपुर थाना अदलहाट जनपद मिर्जापुर के निवासी है. वही पुलिस आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही.

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय विजय बहादुर सिंह, उप निरीक्षक आशीष मिश्रा (प्रभारी स्वाट/सर्विलांस), महिला उप निरीक्षक पूजा कौर चौकी प्रभारी औद्योगिक नगर, हेड कॉन्स्टेबल राणा प्रताप सिंह, हेड कॉन्स्टेबल रामानंद यादव, हेड कॉन्स्टेबल प्रेम प्रकाश यादव, हेड कॉन्स्टेबल मंटू सिंह, कांस्टेबल नीरज मिश्रा, कांस्टेबल अजीत सिंह, कांस्टेबल मनीष कुमार, कांस्टेबल मनोज यादव, हेड कांस्टेबल सुभाष सिंह, हेड कॉन्स्टेबल सहजानंद शामिल रहे.


















