नियुक्ति पत्र पाकर खिले सहायक शोध अधिकारियों के चेहरे, स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का करेंगे पर्यवेक्षण
चंदौली : जिले में सहायक शोध अधिकारी के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सभागार कक्ष में हुआ. जिसमें बतौर मुख्यातिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया. राज्य सभा सांसद साधना सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे. कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर प्रदान कर रही है. सरकार की ओर से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समेत अन्य विभागों में रिक्त पदों की भर्तियों पर ज़ोर दिया जा रहा है. भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी रखा गया है. उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में प्रदेश सरकार मजबूती से आगे बढ़ रही है. युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर मिल सके, इसके लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है.

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ युगल किशोर राय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की समस्त योजनाओं के पर्यवेक्षण, अनुश्रवण और मूल्यांकन में शोध अधिकारियों की अहम भूमिका होती है. वह अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी, निष्ठापूर्वक और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करें, जिससे स्वास्थ्य योजनाओं का बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया जा सके. वही नवचयनित सहायक शोध अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि चकिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ युगल किशोर राय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर० बी० शरण, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी , (प्रशासन) चंदौली, डॉ जे.पी. गुप्ता उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित आदि उपस्थित रहे.


















