बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर डीएम व एसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, दिया आवश्यक दिशा निर्देश
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के रामगढ़ स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम मठ में बाबा कीनाराम के 425वें जन्मोत्सव को लेकर डीएम निखिल टी. फुंडे व एसपी आदित्य लांग्हे ने अधिकारियों के साथ बैठक किया. बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाबा कीनाराम का जन्मोत्सव एक सितंबर से तीन सितम्बर 2024 तक मनाया जा रहा है. जिसमें सभी प्रकार की तैयारियों को पूर्व में ही पूर्ण करें. डीएम ने कहा कि तीन दिवसीय बाबा कीनाराम महोत्सव में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी. वहीं बैठक के बाद पर्यटक विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यो का निरीक्षण किया और साथ ही कार्यो में तेजी लाने का निर्देश दिया. इस दौरान व्यवस्थापक अजीत सिंह से जन्मोत्सव समारोह के व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त किया.

बैठक के दौरान डीएम निखिल टी. फुंडे ने पीडब्ल्यूडी एक्सईएन राजेश कुमार से बाबा कीनाराम धाम आने जाने वाले मार्गो को दुरुस्त करने, बिजली विभाग के एक्सईएन से सभी बिजली तारों को दुरुस्त करने व पर्याप्त लाइन मैन तीन दिनों तक रहने का निर्देश दिया. वही स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ डॉ युगल किशोर राय को निर्देशित करते हुए कहा कि बाबा कीनाराम मठ में तीन दिनों तक स्वास्थ्य कैम्प व चिकित्सक मौजूद रहेंगे. वही डीडीपीओ व खंड विकास अधिकारी को मठ के अंदर व बाहर लागातार साफ सफाई का निर्देश दिया. साथ ही जलनिगम विभाग को पानी की व्यवस्था को लेकर जगह जगह टोटी लगाने का निर्देश दिया. वही नगर पंचायत अधिकारी से वार्ता कर पानी का टैंक व मोबाइल सामुदायिक शौचालय लगाने का निर्देश दिया.
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में दर्शन-पूजन करने के दौरान अंदर व बाहर सादे कपड़े में पुलिसकर्मी व महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. वही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे वहीं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया जाएगा. साथ ही बाबा कीनाराम के जन्मोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे.

इस दौरान एसडीएम सकलडीहा अनुपम मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, सीओ सकलडीहा रघुराज, एडीओ पंचायत राकेश दीक्षित, वन क्षेत्राधिकारी नित्यानंद पाण्डेय, एई जलनिगम सीताराम यादव, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ रितेश कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी आनंद सिंह, बाबा कीनाराम जन्मोत्सव संचालक धनंजय सिंह, मठ व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, रमेश राय, हेमराज सिंह, श्रीनाथ सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमाकांत यादव, ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे.


















