चहनियां में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 39 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

11

चहनियां में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 39 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

चंदौली : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को विकास खंड चहनियां के ब्लॉक मुख्यालय परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 39 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच परिणय सूत्र में बंधे। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की गूंज के बीच नवदंपतियों ने अग्निकुंड को साक्षी मानकर जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।

पंडित प्रद्युम्न पांडेय, अनिल तिवारी और रजनीश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराईं। जयमाला, सिंदूरदान और सात फेरों के साथ नवदंपतियों ने सात वचनों का संकल्प लिया। पूरे परिसर में विवाह की खुशियां और उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का जो संकल्प लिया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह सरकारी सहायता से संपन्न कराया जा रहा है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है।

उन्होंने कहा कि पहले आर्थिक तंगी के कारण कई परिवारों को बेटियों की शिक्षा और विवाह की चिंता सताती थी, लेकिन सरकार की योजनाओं से अब बेटियों के जन्म पर खुशियां मनाने और उन्हें बेहतर भविष्य देने का माहौल बन रहा है।

सामूहिक विवाह योजना के तहत नवदंपतियों को उपहार सामग्री के साथ 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाती है, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत बेहतर ढंग से कर सकें। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों के खातों में धनराशि जल्द भेजी जाएगी।

समारोह में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल, बनवारी पाण्डेय, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष सिंह रघुवंशी, खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर, एडीओ पंचायत राजेश सिंह, लेखा अधिकारी सियालाल यादव, ग्राम प्रधान प्रशासक सावित्री गुप्ता, ग्राम पंचायत अधिकारी आनंद यादव, कमलेश यादव, अतुल यादव, आशुतोष सिंह, ज्ञानेंद्र कुमार, प्रेमचंद कन्नौजिया, वरिष्ठ सहायक अर्चना वर्मा, एडीओ समाज कल्याण शशिकांत कुमार, समाज कल्याण अधिकारी प्रिंस गुप्ता और सतीश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन तकनीकी सहायक दीनानाथ यादव ने किया।