मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष शिविर, 10 से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, फार्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण
चंदौली : मतदाता सूची में अब तक नाम दर्ज नहीं करा सके पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में 17 और 24 अक्टूबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि दोनों निर्धारित तिथियों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म-6 भरने और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदकों को फार्म-6 के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा। अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिविरों की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा की जाएगी, ताकि पंजीकरण की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि सूची में नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। उन्होंने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इस अवसर का लाभ उठाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


















