मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण में मिली खामियां, डीएम ने लगाई फटकार, गुणवत्ता से समझौता करने पर कार्रवाई की चेतावनी
चंदौली : जिले में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को चकिया क्षेत्र के गणेशपुर में विद्यालय निर्माण का औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम को भवन के पिलर और अन्य ढांचागत कार्यों में खामियां मिलीं। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई तथा निर्माण कार्य में सुधार के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन के निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर उपलब्ध सामग्री गुणवत्ता परीक्षण मशीन की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल की जा रही ईंट, सीमेंट, कंक्रीट समेत अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान भवन के पिलर और अन्य संरचनात्मक कार्यों में कमियां पाए जाने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को तत्काल सुधार कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि चिह्नित खामियों को दूर किए बिना निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यालय का शेष निर्माण कार्य भी शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि आगे भी गुणवत्ता में कमी पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों, अभियंताओं और संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और निर्माण कार्य से जुड़े अभियंता मौजूद रहे।


















